Friday, April 5, 2019

20 मिनट से लेकर 17 दिन पहले पाला बदलने वाले नेताओं को पार्टियों से टिकट मिल गए

नई दिल्ली. इस बार लोकसभा चुनाव में पाला बदलने वाले या पार्टी में शामिल होने वालों को जल्दी टिकट मिल रहे हैं। अभिनेत्री जयाप्रदा को जहां भाजपा में शामिल होने के बाद महज 5 घंटे में रामपुर से टिकट मिल गया, वहीं भाजपा छोड़कर आए सांसद अशोक दोहरे को कांग्रेस ने अपनी पार्टी में शामिल होने के 20 मिनट बाद ही टिकट दे दिया। इसी तरह अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को कांग्रेस ने 2 दिन में मुंबई उत्तर से उम्मीदवार बना दिया। भोजपुरी गायक-अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को भाजपा में शामिल होने के 7 दिन के अंदर ही आजमगढ़ में अखिलेश यादव के खिलाफ टिकट मिल गया।

जयाप्रदा को 5 घंटे में टिकट मिला : अभिनेत्री जयाप्रदा ने 26 मार्च की दोपहर भाजपा की सदस्यता ली थी। पांच घंटे से भी कम समय में उन्हें पार्टी ने उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। जया रामपुर से दो बार 2004 और 2009 में सपा के टिकट पर जीत चुकी हैं। सपा छोड़ने के बाद 2014 में वे रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। बाद में अमर सिंह की पार्टी में भी रहीं। सपा में शामिल होने से पहले वे आंध्र प्रदेश से तेदेपा के टिकट पर राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं।

अशोक दोहरे - 20 मिनट पहले कांग्रेस में आए भाजपा सांसद को भी मिला टिकट : भाजपा ने 2014 में मोदी लहर में उप्र के इटावा से जीते अशोक दोहरे का टिकट काट दिया। नाराज दोहरे 29 मार्च को कांग्रेस में शामिल हुए। पार्टी ज्वाइन करने के महज 20 मिनट बाद कांग्रेस ने दोहरे को इटावा से मैदान में उतार दिया। दोहरे 2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा छोड़कर भाजपा में आए थे। वे मायावती की सरकार में जल संसाधन मंत्री भी रह चुके हैं।

सावित्री बाई फुले : भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले 2 मार्च को कांग्रेस में शामिल हुईं। 13 मार्च को पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इस लिस्ट में बहराइच से सावित्री बाई फुले को टिकट दिया गया। वे प्रियंका गांधी की नाव यात्रा के दौरान काफी सक्रिय रही थीं।

श्यामाचरण गुप्त : 16 मार्च को सपा ने बांदा लोकसभा सीट पर उम्मीदवार का ऐलान किया। पार्टी ने इलाहाबाद से भाजपा सांसद श्यामाचरण गुप्त को टिकट दिया। तब पता चला कि वे भाजपा छोड़कर सपा में आ गए हैं। दिलचस्प यह है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भी उन्हें सपा ने टिकट दिया था। उसके बाद उन्हें भाजपा ने इलाहाबाद से टिकट दे दिया और वे भाजपा में चले गए।

उर्मिला मातोंडकर : अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने 27 मार्च को दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ली। पार्टी में शामिल होने के पहले ही उन्हें मुंबई उत्तर से टिकट मिलने की चर्चा थी। पार्टी ज्वाइन करने के दो दिन बाद उन्हें टिकट मिल गया।

सुजय विखे पाटिल : महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के बेटे सुजय विखे पाटिल 12 मार्च को कांग्रेस छोड़ भाजपा में आ गए। 21 मार्च को भाजपा ने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इसमें सुजय का भी नाम था। पार्टी ने उन्हें अहमदनगर सीट से टिकट दिया है।

निरहुआ को 7 दिन में टिकट मिला : भोजपुरी गायक-अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को भाजपा में शामिल होने के 7 दिन के अंदर टिकट मिला। वे ही आजमगढ़ में सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। निरहुआ कभी अखिलेश के साथ सपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते थे।

इन दलबदलुओं को टिकट मिलने का इंतजार : कीर्ति आजाद: दरभंगा से भाजपा सांसद हैं। 18 फरवरी को कांग्रेस में आए। दरभंगा सीट राजद के कोटे में जाने बाद अब कीर्ति को झारखंड की धनबाद या बिहार की वाल्मीकि नगर सीट से टिकट मिलने की चर्चा चल रही है।

प्रवीण निषाद : गोरखपुर से सपा सांसद प्रवीण निषाद 4 अप्रैल को भाजपा में शामिल हुए। उनके पिता के राजनीतिक दल निषाद पार्टी ने भाजपा से गठबंधन किया है। प्रवीण को गोरखपुर या भदोही से टिकट मिलने की चर्चा है।

शत्रुघ्न सिन्हा : पटना साहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उनकी मुलाकात हो चुकी है। ऐसी संभावना है कि उन्हें पार्टी पटना साहिब से उम्मीदवार बनाएगी।

No comments:

Post a Comment